Ranchi News: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म के आरोपों से जुड़ी खबर सामने लाने वाले पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार की गिरफ्तारी पर हेमंत सोरेन सरकार को घेरा है। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया है। साथ ही मुख्यमंत्री से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है।
बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वास्तव में इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी करना चाहते हैं, तो विधायक भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।

मरांडी ने सवाल उठाया कि आदिवासी बेटी से जुड़े गंभीर आरोपों के मामले में आरोपित विधायक पर कार्रवाई करने के बजाय मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को ही गिरफ्तार क्यों किया गया? उन्होंने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से कई सवाल खड़े हो रहे हैं और लोगों का भरोसा भी प्रभावित हुआ है।
पत्रकार की गिरफ्तारी को बताया लोकतंत्र पर हमला
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाने वालों को गिरफ्तार करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। सत्ता को समझना चाहिए कि पुलिसिया कार्रवाई के दम पर जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष न्याय व्यवस्था लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत हैं।
मरांडी ने स्पष्ट किया कि आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्रवाई के बावजूद सच और न्याय की आवाज बुलंद की जाती रहेगी। इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविकता सामने आ सके।
जमशेदपुर से गिरफ्तार हुए पत्रकार अभिषेक भारती
उल्लेखनीय है कि सिमडेगा पुलिस ने पाकरटांड़ थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में पत्रकार अभिषेक भारती को गिरफ्तार किया है। सिमडेगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीडिया सेल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पत्रकार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया।
मामले में विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली नाबालिग किशोरी के दादा ने पाकरटांड़ थाने में कांड संख्या 25/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में दिलीप तिर्की और पत्रकार अभिषेक भारती पर किशोरी का अपहरण करने और दबाव बनाकर विधायक के खिलाफ झूठा बयान दिलवाने का आरोप लगाया गया था।
इस मामले में पुलिस ने पहले छापेमारी कर दिलीप तिर्की को रांची के जोन्हा जंगल से गिरफ्तार किया था। वहीं, दूसरे नामजद अभियुक्त पत्रकार अभिषेक भारती को बुधवार की रात जमशेदपुर से गिरफ्तार किया गया।
पत्रकार की गिरफ्तारी के बाद झारखंड में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब इस मामले में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं।


