बक्सर।
नवानगर थाना क्षेत्र के कडसर गांव स्थित बाजार में बुधवार की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे भूमि विवाद बताया जा रहा है। मृतक की पहचान बक्सर गांव निवासी शिव नारायण सिंह 35 वर्ष के रूप में की गई है। इसके पूर्व इसी विवाद को कारण शिवनारायण के पिता कड़े सिंह और भाई अशोक सिंह की हत्या पहले कर दी गई थी। पुलिस ने गुरूवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की छानबीन में जुट गई है।

जानकारी अनुसार गांव के समीप के एक भूखंड को लेकर मृतक के परिवार का गांव के ही कुछ लोगो से विवाद चल रहा था। भूमाफियाओं ने 2018 में मृतक शिव नारायण के पिता कड़े सिंह की हत्या कर दी थी। पुलिस हत्या की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी कि मृतक के भाई अशोक सिंह की हत्या घर के समीप कर दी थी। मृत शिव नारायण दोनो हत्या के मामले में चश्मदीद गवाह था। आशंका है कि इसी कारण हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शिव नारायण रात को बाजार से घर लौट रहा था। इस बीच बाइक सवार चार अपराधियों ने उसे गोलियों से भुन डाला जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर हो गई। बताया जाता है कि हत्या के पीछे एक दबंग और कद्दावर नेता के गुर्गो का हांथ है। एक ही परिवार के सभी पुरूष सदस्यो की हत्या के बाद पुलिस के समक्ष कांड का खुलासा करने की चुनाैती है।