Katihar News: कटिहार पुलिस ने युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में रेलवे का लोको पायलट चंदन कुमार और उसका साथी विनय कुमार दास शामिल हैं। दोनों पूर्णिया जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (साइबर-सह-विशेष अपराध) कर रहे थे। एसआईटी में महिला थानाध्यक्ष, पुलिसकर्मी और तकनीकी टीम के सदस्य शामिल थे। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसी दौरान दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
रेलवे स्टेशन पर हुई थी युवती से मुलाकात
पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता ने बताया कि 22 सितंबर को वह घर से नाराज होकर कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची थी। वहां प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर उसकी मुलाकात रेलवे पायलट की वर्दी पहने चंदन कुमार से हुई। आरोप है कि चंदन ने युवती को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और उसे बरमसिया वार्ड संख्या-8 स्थित एक किराए के मकान में ले गया।
मौका पाकर कमरे से निकली युवती
पीड़िता के अनुसार, कमरे में ले जाने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने अपने एक साथी को भी वहां बुलाने का प्रयास किया। इसी दौरान युवती किसी तरह मौका पाकर कमरे से बाहर निकल गई और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी करने का प्रयास किया। हालांकि, आरोप है कि चंदन कुमार अपने साथी के साथ बाइक से वहां से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर महिला थाना कांड संख्या-50/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चंदन कुमार, निवासी तमानगंज, कस्बा, पूर्णिया और विनय कुमार दास, निवासी स्कूल टोला, लालगंज, पूर्णिया के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


