सारण, 16 अगस्त (हि.स.)। भारत रत्न और देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर सारण में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी के स्थानीय कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके व्यक्तित्व, राजनीतिक जीवन, राष्ट्र के प्रति समर्पण और संगठन के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे विराट व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से देश के राजनीतिक जीवन पर अमिट छाप छोड़ी। उनकी राष्ट्रनिष्ठा, दूरदर्शी सोच, कुशल नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति में रहते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय हित और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका सरल व्यक्तित्व, प्रभावशाली वक्तृत्व और देश के प्रति समर्पण उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान देता है। उनके विचार आज भी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
सभा में सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, शांतनु कुमार सिंह, जिला महामंत्री धर्मेंद्र शाह, विवेक सिंह सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन केवल राजनीतिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने सार्वजनिक जीवन में मर्यादा, राष्ट्रहित और सिद्धांतों की राजनीति की मिसाल कायम की। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों और दिखाए गए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्रहित एवं जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।


