Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र स्थित कंडा गांव में बुधवार रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने कथित तौर पर अपनी दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंक दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। इसके बाद महिला ने भी कुएं में छलांग लगा दी। तीसरी बेटी की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कंडा गांव निवासी छोटे लाल प्रजापति और उनकी पत्नी सरिता देवी के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता था। बताया जा रहा है कि तीन बेटियों को लेकर भी दोनों के बीच कई बार कहासुनी और मारपीट की घटनाएं हुई थीं।
आरोप है कि विवाद के बाद सरिता देवी ने सबसे पहले अपनी ढाई वर्षीय बेटी डोली कुमारी को, जो अपनी दादी की गोद में सो रही थी, उठाकर कुएं में फेंक दिया। इसके बाद उसने चार वर्षीय दूसरी बेटी प्रिया कुमारी को भी कुएं में डाल दिया। जब वह अपनी छह वर्षीय तीसरी बेटी सुषमा कुमारी को कुएं में फेंकने का प्रयास कर रही थी, तब बच्ची ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी दौरान महिला ने बच्ची को छोड़ दिया और स्वयं भी कुएं में छलांग लगा दी।
बच्ची की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को कुएं से बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों मासूम बच्चियों को नहीं बचाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही नावा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया।
नावा बाजार थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित महिला सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है और हर कोई मासूम बच्चियों की असमय मौत से स्तब्ध है।


