Bhagalpur News: गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण भागलपुर जिले में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। अकबरनगर और भवनाथपुर के बीच से गुजरने वाले NH-80 पर करीब 2 से 3 फीट तक बाढ़ का पानी बह रहा है। पानी का बहाव तेज होने के कारण इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने दोगच्छी से अकबरनगर तक आवागमन प्रतिबंधित कर दिया है।
NH-80 भागलपुर को सुल्तानगंज और पटना से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क पर पानी का स्तर बढ़ने और तेज करंट के कारण दोपहिया तथा छोटे वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो रहे हैं। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बन रही है।
प्रशासन की ओर से लोगों को वैकल्पिक फोरलेन मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसके बावजूद जरूरी काम से निकलने वाले स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग जलमग्न सड़क से पैदल गुजरने को मजबूर हैं, जबकि कुछ स्थानों पर लोग नाव के सहारे भी आवागमन कर रहे हैं।
बाढ़ के बीच बच्चों ने जलमग्न हाईवे को बनाया खेल का मैदान
बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच NH-80 पर एक अलग तस्वीर भी देखने को मिली। जहां एक ओर लोग जलजमाव और आवागमन बाधित होने से परेशान हैं, वहीं स्थानीय बच्चे जलमग्न सड़क पर वॉलीबॉल खेलते नजर आए। पानी से डूबी सड़क पर बच्चों के खेलते हुए दृश्य ने लोगों का ध्यान खींचा। हालांकि, तेज बहाव वाले पानी में इस तरह खेलना जोखिम भरा भी हो सकता है।
इधर, बाढ़ के कारण भागलपुर-पटना सड़क संपर्क पर संकट गहरा गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जलमग्न हिस्से में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, पर्याप्त चेतावनी संकेत और साइनबोर्ड लगाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी का बहाव लगातार बढ़ता रहा तो आवागमन पूरी तरह बंद हो सकता है। ऐसे में प्रशासन को वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था के साथ-साथ जलमग्न हिस्सों में सुरक्षा बल और राहत दल की तैनाती बढ़ानी चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
बेलखुरिया पंचायत स्थित मध्य विद्यालय और भुवालपुर पंचायत का पुरानी सराय गाँव पूरी तरह बाढ़ के पानी से घिरा
नाथनगर प्रखंड में बाढ़ का संकट दिन-ब-दिन गहराता जा रहा है। गंगा और सहायक नदियों के लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण प्रखंड की कई पंचायतें टापू में तब्दील हो गई हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि बेलखुरिया पंचायत स्थित मध्य विद्यालय और भुवालपुर पंचायत का पुरानी सराय गाँव पूरी तरह बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। पूरे इलाके में जलजमाव के कारण आम जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और ग्रामीणों को कठिन परिस्थितियों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। बेलखुरिया पंचायत का मध्य विद्यालय बेलखुरिया इस समय चारों तरफ से पानी से घिर चुका है। स्कूल परिसर में घुटने तक पानी जमा है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस जानलेवा खतरे के बावजूद छात्र-छात्राएं कंधे पर स्कूल बैग टांगे, इसी गंदे और गहरे पानी से होकर कक्षा तक जाने को मजबूर हैं। स्कूल भवन और आसपास का इलाका बुरी तरह प्रभावित होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं।


