Jharkhand News : रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान गैंग के सक्रिय सदस्य शिवराज उर्फ शिवा को मुठभेड़ के दौरान घायल कर दिया। यह कार्रवाई रांची, रामगढ़ और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के रिवर साइड केंद्रीय विद्यालय के पास की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शिवा के पैर में गोली लगी, जिसके बाद

उसे इलाज के लिए पहले सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा और फिर सदर अस्पताल रेफर किया गया।
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि शिवराज उर्फ शिवा को पहले ही हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के दौरान उसने हथियार छिपाने की जगह की जानकारी दी थी। पुलिस जब उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची, तभी शिवा ने छिपाए गए हथियार निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया।
एसपी के अनुसार शिवराज 14 मई को जेल से रिहा हुआ था। वह पहले राहुल दुबे और श्रीवास्तव गैंग के लिए काम कर चुका है तथा वर्तमान में प्रिंस खान गैंग और सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़ा हुआ था। पुलिस को इनपुट मिला था कि जेल से बाहर आने के बाद वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहा है। इसी सूचना के आधार पर रांची और धनबाद पुलिस लगातार रामगढ़ पुलिस के संपर्क में थी।
पूछताछ में शिवा ने खुलासा किया कि उसने हाल ही में बिहार से चार अवैध हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस मंगवाए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो पिस्टल और 59 जिंदा गोलियां बरामद कीं। इसके अलावा उसने बताया कि दो अन्य हथियार और 21 कारतूस उसने अपने साथी आरिज़ आलम को दिए थे।
इसके बाद पुलिस ने कुजू ओपी क्षेत्र स्थित तोपा माइंस कॉलोनी में आरिज़ आलम के घर छापेमारी की। यहां से दो पिस्टल और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरिज़ आलम को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
इस संयुक्त अभियान में रामगढ़ पुलिस के साथ रांची और धनबाद पुलिस की टीम भी शामिल रही। अभियान का नेतृत्व एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने किया। उनके अलावा पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


