Darbhanga News: जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित ओझौल गांव में शुक्रवार तड़के हुई एक सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की धारदार हथियार से हत्या के बाद पटना पुलिस में तैनात एक दारोगा द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घायल दारोगा का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान सुनील सहनी के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल दारोगा मो. मोबिन पटना पुलिस में तैनात हैं और मोहर्रम के अवसर पर छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले सुनील सहनी ने गांव के ही मो. बिहारी की बेटी सानिया से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग धर्म से थे और शादी के बाद अहमदाबाद में रहकर नौकरी कर रहे थे।
दो दिन पहले दोनों गांव लौटे थे। इसके बाद सानिया अपने मायके चली गई थी। आरोप है कि शुक्रवार सुबह मो. मोबिन ने सुनील को फोन कर मोहर्रम का खेल और ताजिया देखने के बहाने घर से बाहर बुलाया। घर से निकलते ही पहले से मौजूद लोगों ने उस पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। गंभीर हमले में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात के बाद जब सुनील की मौत की पुष्टि हुई तो मो. मोबिन ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि दारोगा अपनी भतीजी की अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से नाराज थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी ने मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए। डीएसपी सदर राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और दोषियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।


