Kolkata Murder Case: कोलकाता में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में बिहार और उत्तर प्रदेश से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी पेशेवर शार्प शूटर हैं, जिन्होंने बेहद योजनाबद्ध तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम थाना में दर्ज कांड संख्या 353/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान मिले तकनीकी और विशेष सुरागों के आधार पर पुलिस ने बिहार के बक्सर से मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को गिरफ्तार किया। वहीं तीसरे आरोपी राज सिंह को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से पकड़ा गया।
तीनों आरोपितों को रविवार को हिरासत में लिया गया था और पूछताछ के बाद सोमवार सुबह औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में इन्हें उत्तर 24 परगना जिला स्थित बारासात एसीजेएम अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने तीनों को 13 दिनों की सीआईडी हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
सीआईडी अब आरोपितों से हत्या की साजिश, फंडिंग, हथियार सप्लाई और इस हाई प्रोफाइल हत्याकांड के संभावित मास्टरमाइंड के बारे में पूछताछ करेगी। जांच एजेंसियों का मानना है कि हत्या को अंजाम देने से पहले आरोपितों ने इलाके की रेकी की थी और पूरी वारदात की विस्तृत प्लानिंग की गई थी।
टोल प्लाजा पर ऑनलाइन भुगतान किया था। इसी डिजिटल ट्रांजैक्शन के जरिए पुलिस को मिली सफलता
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपितों ने यात्रा के दौरान टोल प्लाजा पर ऑनलाइन भुगतान किया था। इसी डिजिटल ट्रांजैक्शन के जरिए पुलिस को आरोपितों तक पहुंचने में मदद मिली। पुलिस अब आरोपितों के मोबाइल डेटा, बैंकिंग ट्रांजैक्शन और कॉल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों को हथियार चलाने का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त है। उनके पास से कुछ संदिग्ध दस्तावेज और सामान भी बरामद किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि गत 5 मई की रात मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल मच गई थी और विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।फिलहाल पश्चिम बंगाल पुलिस, बिहार पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।


