Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र स्थित सिंघियाटांड़ बस्ती में उस वक्त तनाव फैल गया, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने आपसी सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश की। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने के लिए तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
पुलिस एक्शन | स्थिति नियंत्रण में
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में कुछ लोगों द्वारा जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई थी, जिससे तनाव फैल गया। स्थिति को काबू में लाने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर किया। मौके पर सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम और बलियापुर सीओ मुरारी नायक खुद मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे।
प्रशासन अलर्ट | भारी पुलिस बल तैनात
अधिकारियों के नेतृत्व में सिंदरी अनुमंडल के सभी थानों की पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर तैनात रही। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे इलाके में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
अफवाहों से बचने की चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम ने बताया कि थाना प्रभारी की सूझबूझ और समय पर कार्रवाई के कारण कोई बड़ी घटना नहीं हुई। वहीं सीओ मुरारी नायक ने कहा कि असामाजिक तत्वों की साजिश को नाकाम कर दिया गया है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

