Sahebganj News: जिले के बरहरवा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) नंदन कुमार को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई प्रखंड मुख्यालय स्थित उनके कार्यालय में की गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलरों से हर महीने 5 हजार रुपये की अवैध वसूली की शिकायत लंबे समय से मिल रही थी। इस मामले को लेकर डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष आलमगीर आलम ने दुमका स्थित एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एमओ नंदन कुमार सभी डीलरों पर नियमित रूप से पैसे देने का दबाव बना रहे थे, जिससे डीलरों में काफी नाराजगी थी।
शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को 40 हजार रुपये देकर अधिकारी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने पैसे स्वीकार किए, पहले से सादे कपड़ों में मौजूद एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि नंदन कुमार की नियुक्ति महज दो महीने पहले ही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के रूप में हुई थी। वे मूल रूप से दुमका जिले के निवासी हैं और सीजीएल परीक्षा पास कर इस पद पर नियुक्त हुए थे। बरहरवा में उनकी यह पहली पोस्टिंग थी, लेकिन नौकरी के शुरुआती दौर में ही रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तारी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी को अपने साथ दुमका कार्यालय ले गई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस मामले में एसीबी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

