Palamu News:- मेदिनीनगर शहर में ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बाल विकास परियोजना मेदिनीनगर शहरी क्षेत्र की महिला पर्यवेक्षिका पुष्पा कुमारी से अज्ञात बाबा ने नकदी और जेवरात की ठगी कर ली। बाबा ने महिला के इकलौते बेटे पर संकट आने की बात कहकर उसे डराया और शुद्धिकरण के बहाने घर के सारे गहने व नगद राशि लेकर फरार हो गया। इस घटना के बाद इलाके में लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता पुष्पा कुमारी, पति रामरेखा साहू के साथ गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रनपुरा की निवासी हैं और वर्तमान में मेदिनीनगर के सुदना बैरिया इलाके में किराए के मकान में रहती हैं। रविवार की शाम वह पास के एक सिंगार स्टोर में खरीदारी करने गई थीं। वापस लौटते समय रास्ते में एक अज्ञात बाबा ने उन्हें रोककर पहले डॉ. कविता का पता पूछा और फिर खुद को बाबा बागेश्वर से जुड़ा बताते हुए बातचीत में उलझा लिया।
बाबा ने महिला पर्यवेक्षिका को बताया कि उनके एकमात्र बेटे पर जल्द ही बड़ा संकट आने वाला है और अगर समय रहते शुद्धिकरण नहीं कराया गया तो अनहोनी हो सकती है। बाबा की बातों से डर गई महिला उसके झांसे में आ गई। बाबा ने संकट टालने के लिए घर में मौजूद सभी जेवरात और नगद राशि लाने को कहा। महिला ने बिना किसी संदेह के घर जाकर अपने सभी गहने और नकदी लाकर बाबा को सौंप दी।
इसके बाद बाबा ने महिला को पीछे मुड़कर 52 कदम चलने के लिए कहा। जैसे ही वह बाबा के बताए अनुसार आगे बढ़ी, उसी दौरान बाबा और उसकी एक सहयोगी मौके से जेवरात और नगद राशि लेकर फरार हो गए। जब महिला को ठगी का अहसास हुआ, तब तक दोनों काफी दूर जा चुके थे।
घटना की जानकारी सोमवार को शहर थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात बाबा व उसकी सहयोगी की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि इस तरह के ढोंगी बाबाओं से सतर्क रहें और किसी भी तरह के झांसे में न आएं।

