Dumka News:- दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तैनात एसआई हेमंत भगत की मौत हो गई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात दो गिट्टी लदे ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई थी। इस हादसे में चालक और खलासी सहित चार लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद एसआई हेमंत भगत सड़क पर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराने के लिए पुनः घटनास्थल पर पहुंचे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एसआई हेमंत भगत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में देवकी प्रजापति नामक एक अन्य पुलिस जवान भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एसआई हेमंत भगत को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जवान का इलाज जारी है।
दिवंगत एसआई हेमंत भगत लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ाह गांव के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन दुमका पहुंचे। गुरुवार को पुलिस लाइन मैदान में उनके पार्थिव शरीर को पुलिस अधीक्षक पितांबर सिंह खेरवार सहित अन्य वरीय पुलिस अधिकारियों और जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी।
एसआई हेमंत भगत की असामयिक मौत से पुलिस विभाग सहित जिलेभर में शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, साहसी और अनुशासित अधिकारी बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

