Bokaro News:- गोमिया प्रखंड के ललपनिया घाटी में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गोमिया थाना क्षेत्र के तुलबुल गांव के पास उस समय हुआ, जब दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर जा गिरे।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोमिया ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो युवक—तुलबुल निवासी रवि प्रसाद (38) और मंशु महली (16) ने दम तोड़ दिया। तीन अन्य घायलों में से दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उन्हें सीएचसी पहुंचे गोमिया बीडीओ और सीओ ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल रेफर कराया। तीसरे घायल का इलाज ललपनिया के टीटीपीएस अस्पताल में चल रहा है।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब रवि प्रसाद अपने साथी दिलीप प्रजापति के साथ बाइक से ललपनिया लौट रहे थे। इसी दौरान मंशु महली भी अपनी बाइक से ललपनिया की दिशा में जा रहा था। दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंशु की बाइक पर एक 4 वर्षीय बच्चा भी सवार था, जो टक्कर के बाद सड़क किनारे गिर गया। गनीमत यह रही कि बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई और उसकी स्थिति फिलहाल सुरक्षित बताई जा रही है।
गोमिया के सीओ आफताब आलम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो बाइकों की टक्कर में दो की मौत और तीन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

