Saran News:- सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र स्थित रेवाड़ी मठिया गांव में बुधवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घर में सो रहे एक 60 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति की अपराधियों ने घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान रामाशीष राय (उम्र 60 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 से 12 बजे के बीच अपराधी चुपके से घर में घुसे और रामाशीष राय को पास से गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के परिजन राजू कुमार ने बताया कि रात में गोली जैसी आवाज सुनाई दी थी, लेकिन उन्हें लगा कि पास में किसी शादी समारोह में पटाखे फूट रहे होंगे। संदेह होने पर उन्होंने ऊपरी मंज़िल से नीचे झाँककर देखा तो अनिल राय, ननकी राय और विनय राय को बंदूकें लिए हुए जाते देखा। परिजन ने बताया कि वे डर के कारण उस समय बाहर नहीं निकले।
सुबह जब राजू कुमार चाय लेकर कमरे में पहुँचे, तो उन्होंने रामाशीष राय को खून से सने हाल में मृत पाया। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
परिवार का आरोप है कि वर्ष 2023 से जमीन विवाद को लेकर मृतक और आरोपित पक्ष के बीच तनाव चल रहा था। परिजन ने सीधे तौर पर कहा कि पुरानी रंजिश के कारण ही यह हत्या की गई है। स्थानीय ग्रामीण भी इस घटनाक्रम के पीछे जमीन विवाद की आशंका जता रहे हैं।
सूचना मिलते ही कोपा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने पूरे घर का मुआयना किया, साक्ष्य जुटाए और मामले की गहन जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस के अनुसार, परिजन के बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

