Dumka News:– हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। यहां पति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या कर स्वयं भी फांसी लगाकर जान दे दी। मृतकों की पहचान वीरेंद्र मांझी (30), उसकी पत्नी आरती कुमारी (26), चार वर्षीय बेटी रूही कुमारी और दो वर्षीय बेटे विराज कुमार के रूप में हुई है।
सूचना के अनुसार घर के कमरे में आरती और दोनों बच्चों का शव फर्श पर पड़ा मिला, जबकि वीरेंद्र मांझी का शव पास के खेत में पेड़ से लटका पाया गया। तीनों शवों के गले पर अंगुलियों के निशान मिलने से आशंका जताई जा रही है कि वीरेंद्र ने पहले पत्नी और बच्चों की गला दबाकर हत्या की और फिर स्वयं फांसी लगा ली।
बताया जाता है कि 6 वर्ष पूर्व वीरेंद्र और आरती की शादी हुई थी। आरती कुछ दिनों से अपने मायके पालोजोरी में रहती थी। शनिवार को ही वीरेंद्र उसे और बच्चों को ससुराल से घर लेकर आया था। घटना के समय घर में वीरेंद्र के माता-पिता भी मौजूद थे।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने वीरेंद्र के शव को रस्सी काटकर उतार दिया, लेकिन पुलिस की डर से शव खेत में ही छोड़ दिया। सूचना पर थाना प्रभारी ताराचंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका भेज दिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सटीक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। गांव में इस घटना से शोक और सनसनी का माहौल है।

