Bokaro News:- बोकारो शहर में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर 1बी स्थित हिंदुस्तान स्टील कंस्ट्रक्शन लिमिटेड (एचएससीएल) कॉलोनी की चार मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।सौभाग्य से हादसे के समय भवन में मौजूद सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सेक्टर 1बी के मकान संख्या 351 से 366 के बीच हुआ। इमारत काफी पुरानी और जर्जर अवस्था में थी। देर रात तेज आवाज के साथ इसका पिछला हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। अचानक हुए इस हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इमारत की दीवारों में लंबे समय से दरारें थीं, जिसकी शिकायत कई बार की गई थी। हादसे के बाद सिटी थाना पुलिस, नगर निगम और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षा कारणों से घेराबंदी कर खाली कराया गया।
कई परिवारों का सामान मलबे में दब गया, जिससे उन्होंने रात खुले मैदान में गुजारने का निर्णय लिया।
प्रशासन की ओर से राहत और मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
👤 सांसद ढुल्लू महतो पहुंचे स्थल पर
घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद सांसद ढुल्लू महतो भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और जिला प्रशासन से टाउन हॉल में अस्थायी आश्रय की व्यवस्था करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि “इस कॉलोनी की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार पत्राचार हुआ, लेकिन प्रबंधन ने अब तक ध्यान नहीं दिया। यदि समय पर मरम्मत की गई होती, तो आज यह हादसा नहीं होता।”
सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में दीवारों की नमी और भवन की संरचनात्मक कमजोरी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
फिलहाल प्रशासन ने आसपास के सभी मकानों की तकनीकी जांच कराने का निर्णय लिया है ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

