Godda News:- झारखंड के गोड्डा जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के कुशलटोला गांव के पास स्थित पत्थर खदान में एक हाइवा वाहन पलटने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी शेषनाग कुशवाह के रूप में हुई है। हादसे के बाद खदान में काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत काम रोक दिया और सुरक्षा इंतजाम की कमी को लेकर आक्रोश जताया। जानकारी के मुताबिक, चालक खदान में पत्थर लोड करने के लिए अंदर जा रहा था। इसी दौरान वाहन असंतुलित होकर पलट गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मजदूरों ने कहा कि खदान में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की जा रही है। न तो हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट जैसी सुविधाएं दी जाती हैं और न ही वाहनों की तकनीकी जांच समय-समय पर की जाती है।
स्थानीय मजदूरों ने आरोप लगाया कि DBL कंपनी, जो महागामा से हंसडीहा तक फोर लेन सड़क का निर्माण कर रही है, मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई गंभीर कदम नहीं उठा रही। मजदूरों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से कंपनी का काम चल रहा है, लेकिन खदानों में बार-बार हादसे हो रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, मजदूरों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने और सभी मजदूरों के लिए सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे काम बंद कर आंदोलन करेंगे।
हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। मृतक शेषनाग कुशवाह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। मजदूरों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि खदानों में सुरक्षा के कड़े नियम लागू किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

