Ramgarh News:- केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को स्वर्गीय शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचे और उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन झारखंड और आदिवासी समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है। राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के बाद आदिवासी समाज ने अपने सबसे बड़े योद्धा को खो दिया है। उन्होंने कहा, “मैंने अनेक बार दिशोम गुरु से मुलाकात की और बातचीत की। उनकी सहजता, सरलता और संघर्षशीलता हमेशा प्रभावित करती थी। उनके निधन से झारखंड की जनता ने न केवल एक लोकप्रिय नेता खोया है, बल्कि एक अभिभावक भी खो दिया है।”
रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ईश्वर सोरेन परिवार को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
इधर, स्वर्गीय शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए कई दिग्गज नेता भी नेमरा पहुंचे। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, जन अधिकार पार्टी के प्रमुख सांसद पप्पू यादव और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके आनंद ने भी गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
गौरतलब है कि शिबू सोरेन न केवल झारखंड आंदोलन के अगुवा रहे बल्कि उन्होंने आदिवासी समाज के हक और अधिकार के लिए लंबा संघर्ष किया। उनकी पहचान “दिशोम गुरु” के रूप में हर आदिवासी घर-घर में रही। उनके निधन से झारखंड की राजनीति और समाज में गहरा शून्य पैदा हो गया है, जिसे भर पाना मुश्किल होगा।

