Gumla News:- गुमला जिले के बसिया प्रखंड मुख्यालय में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। यह हादसा रांची-सिमडेगा मुख्य पथ पर स्थित बसिया पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतकों की पहचान रामजीत महतो (30), जीवन थापा (28) और रामा गोप उर्फ छोटू (30) के रूप में हुई है। तीनों युवक बसिया के एक फास्ट फूड होटल में काम करते थे और रविवार को छुट्टी के दिन नशा करने के बाद मोटरसाइकिल से सैर पर निकले थे।
बताया गया कि रामजीत महतो ने अपने भाई से बाइक ली और तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोनबीर की ओर गए। लौटते समय तीव्र गति और नशे की हालत में उन्होंने सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी।
रामजीत महतो और जीवन थापा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रामा गोप को पहले बसिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से रांची रेफर किया गया। लेकिन रांची पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए तेज रफ्तार, नशा और लापरवाहीपूर्ण वाहन चलाने को जिम्मेदार ठहराया है। गौरतलब है कि बसिया क्षेत्र में सड़क हादसों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। बीते छह महीनों में ही करीब 20 से अधिक युवकों की जान जा चुकी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। घटना से इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

