छपरा(सारण)।
शराब बिक्री पर पूर्ण पाबंदी व अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 24 घंटे के अंदर 42 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। एसपी संतोष कुमार ने शुक्रवार को बताया कि विशेष अभियान के तहत परसा थाना क्षेत्र के सरकारी विद्यालय कैंपस से 217 कार्टून अंग्रेजी शराब जप्त किया गया है। इस मामले में गिरफ्तार विजेंद्र सिंह बाहरमाडर कन्या प्राथमिक विद्यालय के प्रिंसिपल वसुंधरा सिंह के पति हैं। जबकि मशरक थाना क्षेत्र से 8000 लीटर देसी स्प्रिड के साथ छह लोगों को गिरफ्तार करते हुए एक ट्रक को भी जप्त किया गया है। इसमें चार मोटरसाइकिल सहित 6 मोबाइल व 7100 नगद रुपए जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रिविलगंज थाना क्षेत्र से चोरी की बुलेट के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार किए गए हैं। इसमें खैरवार मठिया निवासी पवन कुमार व इनई निवासी अमर कुमार शामिल है। इसके अतिरिक्त दो अन्य बाइक को भी जप्त किया गया है। उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी तथा शराब बिक्री पर पूर्ण पाबंदी को लेकर चले अभियान में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 42 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है।

