Bokaro News: जिले में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अमन साहू गिरोह से जुड़े सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने यह सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, अमन साहू गिरोह के साथ-साथ राहुल दुबे और मयंक सिंह गिरोह का नाम भी सामने आ रहा था। ये सभी गिरोह मिलकर प्रकाश शुक्ला के जरिए बोकारो के व्यवसायियों और ठेकेदारों से मोबाइल फोन के माध्यम से रंगदारी की मांग कर रहे थे। इस मामले में बालीडीह थाना और बीएस सिटी थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया और तकनीकी जांच के साथ-साथ गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने प्रिंस कुमार गुप्ता उर्फ भाटिया, श्याम कुमार सिंह, अजय सिंह, ओम प्रकाश पॉल, जैनेन्द्र शुक्ला, गोलू कुमार और भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा, एक 7.65 एमएम पिस्टल, दस जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, दो चाकू, आठ मोबाइल फोन, एक स्कूटी, दो एटीएम कार्ड और 600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन का इस्तेमाल रंगदारी मांगने के लिए किया जा रहा था।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार गुप्ता ने पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसमें वह खुद घायल हो गया। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। इस ऑपरेशन में जिले के कई थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस खबर को भी पढ़ें : लातेहार में 5 लाख के इनामी जेजेएमपी सब जोनल कमांडर नक्सली सुरेंद्र लोहरा का सरेंडर


