Rohtas News: बिहार के रोहतास जिले में डेहरी से पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि जिस पति ने अपनी पत्नी की पढ़ाई और सरकारी नौकरी के लिए आर्थिक मदद की, नौकरी लगने के बाद वही पत्नी कथित रूप से एक युवक के साथ फरार हो गई। मामले में पति ने पुलिस से पत्नी को खोजने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
पीड़ित पति अजय सिंह के अनुसार, उसकी शादी अर्चना भारती के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद अर्चना ने आगे पढ़ाई कर सरकारी नौकरी हासिल करने की इच्छा जताई। अजय का कहना है कि उसने पत्नी के सपने को पूरा करने के लिए अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा उसकी पढ़ाई और कोचिंग पर खर्च किया। परीक्षा की तैयारी के दौरान वह पत्नी को अलग-अलग शहरों में आयोजित परीक्षाओं में शामिल कराने के लिए भी लेकर जाता था।
कुछ समय बाद अर्चना का चयन बिहार पुलिस में कांस्टेबल के पद पर हो गया। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उसकी पोस्टिंग बेगूसराय स्थित बीएसएपी में हुई। नौकरी मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल था। हालांकि, पति का आरोप है कि नौकरी ज्वाइन करने के बाद अर्चना के व्यवहार में बदलाव आने लगा। वह उससे बातचीत कम करने लगी और धीरे-धीरे दूरी बनाने लगी।
अजय के मुताबिक, जुलाई में अर्चना छुट्टी लेकर ससुराल आई थी। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन में विवेक कुमार नाम के युवक के साथ कथित आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैट दिखाई दी। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद अर्चना घर से निकल गई और विवेक कुमार के साथ फरार हो गई।
घटना के बाद अजय सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही उसने रोहतास के एसपी से भी मामले में कार्रवाई और पत्नी को बरामद कराने की गुहार लगाई है। अजय का आरोप है कि उसने पत्नी की पढ़ाई से लेकर नौकरी की तैयारी तक हर संभव मदद की, लेकिन अब वह उसे छोड़कर चली गई।
मामले में एक और बात चर्चा में है। अर्चना की मां शकुंतला देवी भी अपनी बेटी के कथित कदम से नाराज बताई जा रही हैं। वह एसपी कार्यालय पहुंचीं और अपने दामाद अजय के पक्ष में न्याय की मांग की।
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी तुलना उत्तर प्रदेश के चर्चित ज्योति मौर्य प्रकरण से की जा रही है। हालांकि, दोनों मामलों की परिस्थितियां अलग हैं और मौजूदा मामले में पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।


