जामताड़ा। मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुशबेदिया जंगल के पास मंगलवार को सड़क के किनारे कुशबेदिया टोला निवासी विनोद रजक(24) का शव मिला है। युवक को दो गोली मारी गई है, जिसमें एक गोली उसे छुकर निकल गई। जबकि दूसरी गोली उसे लगी है। पुलिस इस मामले में कुछ लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घटना स्थल से युवक की बाईक मिली है। परिजनो का कहना है कि विनोद अपने दोस्तो के साथ सोमवार को धोबी पाड़ा गया था। इसके बाद उसका शव मिला। मृतक की बहन रूबी देवी ने बताया कि विनोद कुछ दोस्तो के साथ था। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। युवक की मां ने पड़ोस के कुछ लोगो पर हत्या का आरोप लगाया है। मालूम हो कि विनोद कोलकाता के एक कॉल सेंटर में काम करता था। कुछ दिन पूर्व ही वह कोलकाता से गांव लौटा था। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।