रामगढ़।
प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक ने शनिवार को रामगढ़ थाना क्षेत्र के दामोदर नदी पुल से छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से 2 घंटे बाद शव को बरामद कर लिया। मृतक की जेब से पैरेलेक्स होंडा बाइक एजेंसी का आईडी कार्ड बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बरकाकाना के पोचरा गांव निवासी युवक कन्हैया यादव दामोदर नदी पुल पर पहुंचा और बिना विलंब किए सीधे नदी में छलांग लगा दी। नदी के नीचे पत्थरों में फंसने की वजह से वह ऊपर नहीं आ सका और उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक के परिजनों से इस संदर्भ में पूछताछ चल रही है।


