Patna News:- बिहार के बेगूसराय जिले में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। नावकोठी प्रखंड के छतौना पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-13 में बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 46 वर्षीय गीता देवी, पत्नी टूना महतो, के रूप में की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गीता देवी शुक्रवार शाम किसी काम से नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान उनका पैर अचानक फिसल गया और वे गहरे पानी में चली गईं। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वे पानी में डूब गईं। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अंधेरा होने तक उनकी तलाश की, लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार सुबह करीब आठ बजे गीता देवी का शव नदी से बरामद किया गया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
सूचना मिलते ही नावकोठी थाना पुलिस और अंचल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि बूढ़ी गंडक नदी में अक्सर लोग नहाने या पानी भरने के दौरान हादसे का शिकार हो जाते हैं। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ जाने से खतरा और भी अधिक रहता है। इस घटना ने एक बार फिर लोगों को सतर्क कर दिया है।
गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल गीता देवी के असामयिक निधन से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।


