Bhagalpur News:- भागलपुर जिले के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के निस्फ अंबे पंचायत अंतर्गत बदरपुर गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो किशोरों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों बच्चे तालाब में नहाने गए थे और गहरे पानी में फिसलकर डूब गए। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय हर्ष कुमार (पिता: कारू दास) और 12 वर्षीय बादल कुमार (पिता: पवन दास) के रूप में हुई है। घटना के समय पास में अन्य बच्चे भी नहा रहे थे, जिन्होंने शोर मचाकर लोगों को सूचना दी। शोर सुनते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर मधुसुदनपुर थाना अध्यक्ष सफदर अली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए नाथनगर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
मायागंज अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।


