Araria News:- बिहार के अररिया जिले में गुरुवार को वज्रपात से बड़ा हादसा हो गया। सिकटी प्रखंड के सतबेर गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में जारी है।
मृतकों की पहचान 38 वर्षीय आशा देवी, पत्नी ज्ञानचंद मंडल, और 25 वर्षीय भागरत मंडल, पुत्र ब्रह्मदेव मंडल, के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल 15 वर्षीय पल्लवी कुमारी, 40 वर्षीय सुगंधा देवी और 35 वर्षीय बुचिया देवी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सभी लोग खेत में धान की बुआई कर रहे थे। अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ वज्रपात शुरू हो गया। बारिश से बचने के लिए सभी पास के एक पेड़ के नीचे चले गए। लेकिन दुर्भाग्यवश, उसी पेड़ के पास वज्रपात हो गया और सभी इसकी चपेट में आ गए। घटना इतनी भीषण थी कि आशा देवी और भागरत मंडल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिकटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
इस हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे इलाके में गम का माहौल फैल गया है। प्रशासन ने वज्रपात से बचाव को लेकर लोगों से बरसात के दौरान खुले स्थान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से परहेज करने की अपील की है।


