गिरिडीह।
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बेरगी गांव में मनरेगा के तहत कराए जा रहे कूपनिर्माण के दौरान कुएं में गिरने से एक मजदूर सहित दो लोगों मौत हो गई। घटना शनिवार शाम की है। मृतकों की पहचान प्रकाश राय (38) और खुशी महतो (35) के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार 60 फीट का कूप निर्माण का कार्य दिनो महतो के नाम पर स्वीकृत किया गया था। निर्माण कार्य में प्रकाश राय मजदूर का काम कर रहा था। शनिवार की देर शाम प्रकाश राय निर्माणाधीन कुंए में पत्थर डालने के क्रम में कुंए में गिर पड़ा। उसके गिरने के बाद दिनों महतो का बेटा खुशी महतो उसे बचाने के लिए आया। इस दौरान वह भी घायल हो गया। घटना में प्रकाश की मौत मौके पर हो गई। जबकी घायल अवस्था में खुशी को सदर अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए धनबाद ले जाने के क्रम में रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक मजदूर प्रकाश के परिजनों ने योजना के ठेकेदार से मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद रविवार को काफी संख्या में लोगों की भीड़ वहां जुट गई। इस दौरान मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। जो पति का शव देख कर बार बेहोश हो जा रही थी।


