Dhanbad News : निरसा थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका के समीप हुई कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी शूटर सागर उर्फ शिबू घायल हो गया। गोली उसके दोनों पैरों में लगी है। पुलिस ने घायल अपराधी को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, निरसा इलाके में बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए उत्तर प्रदेश से अपराधियों के पहुंचने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर अलग-अलग इलाकों में छापेमारी और सर्च अभियान शुरू किया। अभियान का नेतृत्व निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस टीम को हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका के पास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों से मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान पुलिस की गोली शूटर सागर उर्फ शिबू के पैरों में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह के दो सदस्य मौके से भागने में सफल रहे। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस उनके संभावित ठिकानों की भी जानकारी जुटा रही है।
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, घायल सागर उर्फ शिबू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह वर्ष 2017 में धनबाद में हुए चर्चित डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में आरोपित रहा है। इसके अलावा जमशेदपुर में हुए एक हत्याकांड में भी उसके वांछित होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पांचों अपराधी निरसा में किस वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। उनके पास हथियार समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी योजना के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, फरार दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।


