Patna News:- औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड के बड़ेम गांव में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। सोन नदी पार करते समय नाव पलटने से छह लोग डूब गए, जिनमें से एक युवती का शव बरामद किया गया है, जबकि पांच लोग अब भी लापता हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
मृत युवती की पहचान तमन्ना परवीन (21 वर्ष), पिता सलीम अंसारी, निवासी बड़ेम गांव के रूप में की गई है। हादसे के वक्त नाव पर खेती और पशु चारा लाने जा रहे ग्रामीण सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव में सवार लोगों की संख्या अधिक थी और नदी में पानी का बहाव तेज था, जिससे नाव असंतुलित होकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है।
लापता लोगों की सूची इस प्रकार है —
सोनी कुमारी (21 वर्ष), पिता नरेश चौधरी
रंजीता देवी (30 वर्ष), पति संजय चौधरी
मंजू कुमारी (18 वर्ष), पिता सुरेंद्र चौरसिया
काजल कुमारी (18 वर्ष), पिता जोगिंदर लाल
सविता देवी (30 वर्ष), पति चितरंजन पासवान
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोन नदी दियारा इलाके में सैकड़ों एकड़ जमीन पर खेती होती है। ग्रामीण रोजाना नदी पार कर खेतों में काम करने जाते हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों में दहशत और शोक का माहौल है। प्रशासन ने मौके पर राहत और खोज अभियान तेज कर दिया है।


