Araria News:– एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जोगबनी थाना क्षेत्र अंतर्गत किसान चौक के पास एक अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को ग्रामीणों ने आनन-फानन में फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय इंजार (पिता मो. मुस्तकीम), 24 वर्षीय जासीम (पिता मो. मुख्तार) और 26 वर्षीय साहिल (पिता मुबारक) के रूप में हुई है। तीनों मृतक जोगबनी थाना क्षेत्र के मधुरा वार्ड संख्या 12 के रहने वाले थे और गैरेज मिस्त्री का काम करते थे।
ग्रामीणों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर मधुरा से गढ़हा चौक स्थित गैरेज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसान चौक के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क किनारे मौजूद पानी के गड्ढे में जा गिरे। हादसे में साहिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इंजार और जासीम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों ने तुरंत फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है। साथ ही यह भी बताया कि मृतकों के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद मृतकों के घरों में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही वार्ड के तीन युवकों की एक साथ मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीनों मेहनतकश युवक थे और अपनी मेहनत से परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।


