Ranchi News:- रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 30 नवंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से सख्त कर दी गई है। बड़ी संख्या में दर्शकों की उम्मीद को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सुरक्षा तैनाती की है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षा में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
धुर्वा क्षेत्र स्थित जेएससीए स्टेडियम परिसर को पुलिस ने हाई-सिक्योरिटी जोन घोषित करते हुए 5000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया है। इस बल में एटीएस, आईआरबी, रैप, जिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इसके अलावा सुरक्षा प्रबंधन के लिए छह आईपीएस अधिकारी, 15 डीएसपी और 30 से ज्यादा थानेदारों को विशेष रूप से तैनात किया गया है।
स्टेडियम के बाहर और अंदर अग्निशमन दल तथा वाटर कैनन टीम को भी सतर्क रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ स्टेडियम तक ही सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों के ठहरने वाले होटल रेडिशन ब्लू को भी सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है। वरीय पुलिस अधिकारी लगातार होटल और स्टेडियम का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि मैच को देखते हुए सुरक्षा के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। स्टेडियम के हर हिस्से में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि भीड़ प्रबंधन और किसी भी तरह की संभावित गड़बड़ी पर तुरंत काबू पाने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी असामान्य घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


