Jamshedpur News:- जिले में अपराधियों ने ठगी की एक नई वारदात को अंजाम देकर लोगों को हैरान कर दिया। साकची थाना क्षेत्र के ठाकुरबाड़ी रोड पर दो ठगों ने साधु का वेश धारण कर मानगो सहारा सिटी की रहने वाली महिला अनीता ईश्वर से करीब डेढ़ लाख रुपये के गहने और नकदी ठग लिए। घटना उस समय हुई जब अनीता ईश्वर अल्ट्रासाउंड जांच के बाद आम बागान स्थित एक दुकान पर रुकी थीं और फिर टेंपो पकड़कर घर लौटने लगीं। ठाकुरबाड़ी रोड स्थित कंचन होटल के पास एक साधु बने ठग ने उन्हें रोककर कहा कि गहने पहनकर चलना अशुभ और खतरनाक है। महिला ने पहले उसकी बातों को नजरअंदाज किया, लेकिन तभी उसका दूसरा साथी आ पहुंचा और साधु की बात को सही बताते हुए महिला को गहने उतारकर पर्स में रखने की सलाह दी।
महिला दोनों की बातों में आ गई और अपने गले की चेन व कंगन उतारकर पर्स में रख लिए। इसके बाद जब वह टेंपो पर बैठने लगीं, तो एक ठग ने मदद के बहाने पर्स पकड़ने की बात कही। महिला ने पर्स उसे थमा दिया और जैसे ही टेंपो आगे बढ़ा, ठग पर्स लेकर मौके से फरार हो गया।
पर्स में करीब डेढ़ लाख रुपये के गहनों के अलावा एक मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद भी थे। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
ठगी की शिकार महिला ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी झांसे में न आएं और अजनबी लोगों से सतर्क रहें।


