Patna News:- बिहार के गोपालगंज जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बिजली की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उचकागांव थाना क्षेत्र के लूहुसी गांव की है, जहां नवनिर्मित मकान की छत की ढलाई के दौरान मिक्सर मशीन में अचानक करंट दौड़ गया। पुलिस के अनुसार, छत पर काम कर रहे चार मजदूर मिक्सर मशीन की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने ठेकेदार नसरूदीन मियां (55 वर्ष), नीरज कुमार (30 वर्ष) और बलिराम सिंह (48 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से झुलसे जितेंद्र सिंह का इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मकान की छत पर ढलाई का काम चल रहा था और मिक्सर मशीन में बिजली आपूर्ति जोड़ने के दौरान ही करंट फैल गया। देखते ही देखते मजदूर मशीन की चपेट में आ गए। हादसे की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे।
सूचना मिलते ही उचकागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की असली वजह का पता लगाने के लिए बिजली कनेक्शन और मशीन की भी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और हादसे की असल वजह सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


