Bhagalpur News:- सुल्तानगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक धीरज कुमार के साथ हुई लूट और मारपीट की घटना का खुलासा करते हुए महज 12 घंटे के भीतर तीन अभियुक्तों को हथियार और लूट के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी नवनीत कुमार ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि अब्जूगंज निवासी धीरज कुमार के साथ अज्ञात अपराधियों ने मारपीट, छिनताई और जान मारने का प्रयास किया था। घटना में घायल धीरज के भाई हिरा कुमार ने थाना में लिखित आवेदन दिया, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में देव ठाकुर उर्फ कल्लू, सुभाष कुमार चौधरी उर्फ राजा और ओमकार रजक उर्फ काली शामिल हैं। तीनों को सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के कुम्हार गली से दबोचा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक देशी कट्टा, तीन गोली का खोखा, चार मोबाइल फोन, लूटी गई मोबाइल और एक ई-रिक्शा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार देव ठाकुर और ओमकार रजक का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। इन दोनों पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीएसपी ने बताया कि सुल्तानगंज पुलिस की इस कार्रवाई में अवर निरीक्षक संजय कुमार मंडल, आशुतोष कुमार, प्रणव प्रकाश ठाकुर, संजय कुमार यादव समेत थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल है।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में और कौन लोग शामिल थे और किस उद्देश्य से ई-रिक्शा चालक को निशाना बनाया गया। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से अन्य कड़ियां भी सामने आएंगी।
पुलिस ने साफ किया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।


