रांची।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों,जिला अध्यक्ष व सभी मोर्चा के नेताओं की बैठक में कहा कि हेमंत सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को तेज करेंगे। भाजपा चुपचाप खनिज संपदा की लूट ,चरमराती विधि व्यवस्था व महिलाओं के खिलाफ अत्याचार को नहीं देख सकती है। राज्य कि साढ़े तीन करोड़ जनता को केवल भाजपा पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि झूठे वादों का बुलबुला फट चुका है। प्रदेश को अराजक माहौल में धकेल दिया गया है। जंगलराज की स्थिति बन गई है। राज्य सरकार के खिलाफ बोलने वालों पर फर्जी मुकदमे दर्ज हो रहे हैं, ऐसी स्थिति में पार्टी के लाखों कार्यकर्ता 21 अगस्त को सभी प्रखंडों में सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने पारा शिक्षको सहित अनुबंध पुलिसकर्मियों,सहायकों, पंचायत सचिवों, नौजवानों को आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी मांगों के लिए आंदोलन में शामिल हो।
वहीं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की जनता सरकार को सबक सिखाने के मूड में है। सरकार निरंकुश हो गई है। प्रदेश में राज्य सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। पुलिस जनता को सुरक्षा देने के बजाय उन पर लाठियां बरसा रही है। बच्चियों पर डंडे बरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि 21 अगस्त का आंदोलन राज्य सरकार के खिलाफ शंखनाद है। जबकि संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं पर दोहरी जिम्मेदारी है। संगठन को मजबूती देने के अलावा जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज भी बननी है। मालूम हो कि बैठक में आंदोलन के कार्यक्रम पर चर्चा की गई।


