किशनगंज में सनसनीखेज वारदात का खुलासा, छह माह की गर्भवती थी युवती; पिता और भाई के साथ मिलकर शव ठिकाने लगाने का आरोप
Kishanganj News: जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय गर्भवती युवती की मौत के मामले में उसका मंगेतर ही मुख्य आरोपी निकला। पुलिस के अनुसार, शादी से महज तीन दिन पहले आरोपी ने युवती को मिलने के बहाने बुलाया और दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी ह’त्या कर दी। इसके बाद अपने पिता और भाई की मदद से शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी बासिद आलम को पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे रतनपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर ह’त्या में इस्तेमाल की गई कुदाल भी बरामद की गई है। वहीं, आरोपी के पिता और भाई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
नमाज के लिए जगाने पहुंचे पिता तो बिस्तर से गायब मिली बेटी
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को मृतका के पिता जितालु, निवासी काला सिंघिया ने पहाड़कट्टा थाने में अपनी बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रात में परिवार के साथ सोई थी। सुबह करीब चार बजे जब वह उसे नमाज के लिए जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद पुलिस ने पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 297/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
खेत में गड्ढे से बरामद हुआ युवती का शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने 15 नवंबर को गांव के ही एक खेत में खोदे गए गड्ढे से युवती का शव बरामद किया। घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेजा गया।
एक साल से था प्रेम संबंध, छह माह की गर्भवती थी युवती
तकनीकी अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना की रात युवती को उसके मंगेतर बासिद आलम ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। दोनों की शादी 16 नवंबर को तय थी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध था और युवती छह माह की गर्भवती थी। परिजनों और पंचायत के दबाव में वह शादी के लिए तैयार हुआ था, लेकिन वह और उसका परिवार इस विवाह के पक्ष में नहीं थे।
आरोप है कि इसी वजह से उसने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर युवती की हत्या कर दी और शव को खेत में दफना दिया।
पिता और भाई की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में कथित रूप से शामिल उसके पिता और भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले में अन्य वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है।
इस खबर को भी पढ़ें झारखंड की कानून-व्यवस्था पर बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवाल, जेल और थानों की घटनाओं पर सरकार को घेरा


