Ramgarh News: जिले में छठ महापर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दामोदर नदी में डूबने से एक ही परिवार के दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चे बिहार के औरंगाबाद जिले से छठ पर्व मनाने रामगढ़ आए थे। हादसा बुधवार को सिरका कोलियरी के पास हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र के भूआपुर गांव निवासी छोटू कुमार पासवान (15) और शिवम कुमार पासवान (12) के रूप में हुई है। दोनों को नदी से बाहर निकालकर रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


एक को डूबता देख बचाने पहुंचा दूसरा, दोनों नदी में समाए
जानकारी के अनुसार, अजय पासवान अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ छठ महापर्व मनाने अपने बहनोई संजय पासवान के घर सिरका कोलियरी आए थे। बुधवार को परिवार को वापस बिहार लौटना था। इसी बीच सीसीएल क्वार्टर में पानी की आपूर्ति बंद होने के कारण नहाने में परेशानी हुई। इसके बाद अजय पासवान अपने बेटे शिवम और भतीजे छोटू को लेकर दामोदर नदी चले गए।
नदी में नहाने के दौरान अचानक उठी लहर की चपेट में आकर छोटू डूबने लगा। उसे बचाने के लिए शिवम भी नदी में आगे बढ़ गया, लेकिन वह खुद भी गहरे पानी में डूब गया। परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडे मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
छठ की विदाई से पहले घर में पसरा मातम
सिरका कोलियरी में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत संजय कुमार पासवान ने बताया कि उनका परिवार सीसीएल क्वार्टर में रहता है। छठ पर्व के अवसर पर उनकी पत्नी रिंकू देवी ने मायके से रिश्तेदारों को बुलाया था। अजय पासवान अपने बेटे, बेटी और भतीजे के साथ पर्व मनाने पहुंचे थे। बुधवार को सभी की विदाई होनी थी, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद अजय पासवान के परिजन औरंगाबाद से रामगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


