RANCHI NEWS : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने राज्य की जेलों और थानों में कथित अमानवीय घटनाओं तथा सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य में हिरासत में बंद लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।
शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दर्ज मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने आशंका जताई कि सत्ता में शामिल कांग्रेस विधायक होने के कारण उन्हें बचाने का प्रयास किया जा सकता है। मरांडी के मुताबिक, उन्होंने पीड़िता से मुलाकात की है और बच्ची ने उन्हें अपनी आपबीती बताई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक की पत्नी और बहन भी पीड़िता के साथ मारपीट करती थीं। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
होटवार जेल की घटनाओं पर जताई चिंता
मरांडी ने रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में कथित यौन हिंसा की घटना को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में बंद 20 वर्षीय युवक के साथ महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल जैसे अवसरों पर सामूहिक यौन हिंसा की गई। पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद आवेदन फाड़ दिए जाने और उचित इलाज नहीं कराने का भी उन्होंने आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जेल को सबसे सुरक्षित स्थान माना जाता है, लेकिन वहां भी बंदियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। मरांडी ने जेल के जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल हटाने और निष्पक्ष जांच के लिए आरोपित कैदियों को दूसरी जेल में स्थानांतरित करने की मांग की।
हिरासत में 427 मौतों का उठाया मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस और न्यायिक हिरासत में हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से उच्च न्यायालय को सौंपी गई रिपोर्ट में वर्ष 2026 तक हिरासत में 427 लोगों की मौत होने की जानकारी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि इनमें 262 मामलों में न्यायिक जांच नहीं कराई गई, बल्कि कार्यपालक दंडाधिकारी से जांच कराई गई।
कई थानों की घटनाओं का किया उल्लेख
मरांडी ने लातेहार के बरियातू थाना में आदिवासी महिला को प्रताड़ित किए जाने, सरायकेला के कपाली ओपी में एक आदिवासी युवती की कथित पिटाई और देवघर के पालाजोरी थाना में पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति की मौत का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं सरकार की जवाबदेही पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय शर्मा और मीडिया सह-प्रभारी सतीश सिन्हा भी मौजूद थे।


