Chatra News: जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का भारी ढांचा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। हादसे के बाद परियोजना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ अन्य लोगों के भी घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
काम के दौरान अचानक भरभराकर गिरा पूरा स्ट्रक्चर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा एनटीपीसी परियोजना के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुआ। यहां मजदूर निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के स्ट्रक्चर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पूरा ढांचा टूटकर नीचे गिर गया। कई मजदूर इसकी चपेट में आकर मलबे में दब गए।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक मजदूर का शव कन्वेयर बेल्ट के ढांचे में लटका हुआ दिखाई दिया, जबकि अन्य मजदूर मलबे में दब गए।
एसपी ने की तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष मैथानी ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना प्रभारी विपिन कुमार को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है। घायल मजदूर को तत्काल एनटीपीसी परिसर स्थित संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ठेका कंपनी पर उठे सवाल, हादसे की जांच शुरू
बताया जा रहा है कि कन्वेयर बेल्ट निर्माण का मुख्य ठेका थायसन कंपनी को मिला था। इसके बाद निर्माण कार्य पेटी ठेकेदार सिंपलेक्स कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था।
प्रारंभिक तौर पर स्ट्रक्चरल डिजाइन में खामी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
मृतकों के परिजनों को मिलेगा 60-60 लाख रुपये का मुआवजा
घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति भारी आक्रोश देखा गया। परिजन प्रत्येक मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे थे। बताया जाता है कि निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का काम मेसर्स सिम्फ्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और मेसर्स थिसेनक्रुप कंपनी को सौंपा गया है।
हादसे के बाद मृतकों के शव एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में रखे गए थे। इस दौरान मृतकों की संख्या को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी रही। घटना की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे पत्रकारों को सीआईएसएफ के जवानों ने अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद अस्पताल के मुख्य द्वार पर हंगामा शुरू हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन दास और जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद पत्रकारों को अस्पताल में प्रवेश की अनुमति मिली। इस दौरान जेएमएम जिलाध्यक्ष मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए और पत्रकारों के समर्थन में नारेबाजी की।
हादसे के बाद संजीवनी अस्पताल में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मृतकों के परिजनों और एनटीपीसी प्रबंधन के बीच घंटों वार्ता हुई। जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी।
शुरुआत में प्रबंधन की ओर से कंपनी की तरफ से 18 लाख रुपये और बीमा के तहत 10 लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया। इस पर परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। इसके बाद आक्रोशित लोग शवों को लेकर एनटीपीसी के मुख्य द्वार को जाम करने के लिए निकल पड़े।
स्थिति बिगड़ती देख प्रबंधन ने प्रत्येक मृतक के आश्रित को 50 लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त बीमा के तहत 10 लाख रुपये दिलाने और प्रत्येक मृतक के एक आश्रित को नौकरी देने पर सहमति बनी। इस तरह प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल 60 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
वार्ता में विधायक उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन दास, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन, जिला परिषद सदस्य सुभाष यादव, मजदूर यूनियन के बिनोद बिहारी पासवान, सुनील चौरसिया, गोविंद तिवारी, सुभाष दास, जागेश्वर दास, रवि गुप्ता और नितेश कुमार सहित कई लोग मौजूद थे। प्रशासन की ओर से एसडीओ प्रदीप कुमार, सीओ गौरव रॉय, बीडीओ देवलाल उरांव और थाना प्रभारी विपिन कुमार भी वार्ता में शामिल हुए।
एनटीपीसी परियोजना में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे से प्रभावित लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।


