गिरिडीह।
शादी के कुछ ही घंटे पूर्व रविवार को दुल्हा लापता हो गया। वर-वधु दोनो पक्ष के लोग पूरे दिन परेशान रहे और वर का इंतजार करते रहे। वधु भी लाल जोड़े में उसकी राह ताकती रही। पर वह नही लौटा। उसका मोबाईल भी नहीं लगा और अंतत: वर के लापता होने का मामला थाने में दर्ज कराया गया।
घटना जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के अटका गांव की है। घटना के बारे में वर के पिता मितलाल नायक ने बताया कि बेटे संजय कुमार की पसंद से ही गांव की लड़की से शादी तय की गई थी। शनिवार की रात को मेहंदी का रश्म पूरी होने पर उसका पुत्र सोने चला गया। रविवार की सुबह से उसका कोई अता पता नहीं चला। शादी सूर्यकुंड में होना था और सारी तैयारी भी पूरी कर ली गई थी। पर बेटा एक दिन पहले रात से लापता है। सब जगह उसकी खोज की गई पर वह नहीं मिला है।


