कोडरमा।
तिलैया थाना अंतर्गत पानी टंकी रोड स्थित राणी सती धर्मशाला के समीप एक मकान से पुलिस ने एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया है। मृतका की पहचान मीरा देवी (45) के रूप में की गई। मृतका के शरीर पर जख्म के कई निशान पाए गए है। घटना की सूचना पाकर पहुॅचें एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद व तिलैया थाना प्रभारी अजय कुमार ने हत्या का मामला बताते हुए जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की पुछताछ में परिजनों ने किसी से किसी प्रकार का कोई दुश्मनी व विवाद नही होने की बात कही है। मृतका के पति का पानी टंकी के समीप सर्राफा की दुकान है।
मृतका के पति प्रभु प्रसाद वर्मा ने बताया की घटना करीब 12 बजे के आसपास की है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा पुत्र यश कुमार खाना खाने के लिए घर गया था, जहां घर के अंदर का दृश्य देखने के बाद उसने अपने बड़े भाई रजनीश कुमार को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता प्रभु वर्मा व बड़े पुत्र दुकान से घर पहुंचे। जहां उसने अपनी पत्नी मीरा देवी को घर के दूसरे तल्ले में बने किचन में खून से लथपथ गिरा पाया। उनके शरीर के कई हिस्सों में चोट के गंभीर निशान थे। और किचन में खून पसरा था। परिजन खून से लथपथ महिला को तत्काल शहर के एक निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार के लिए ले गए, जहां से उन्हें सदर अस्पताल भेज दिया गया। वहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस न तो हत्या में प्रयुक्त हथियार को घर से बरामद कर सकी है। और न ही अबतक किसी नतीजे पर पहुॅची है। घटना में लुटपाट का एंगल भी सामने नही आया है। बहरहाल पुलिस हर पहलु पर जांच में जुटी है।

