Khunti news: जिले के रिमिक्स फॉल में शनिवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से रांची के 20 वर्षीय छात्र निलेश कच्छप की मौत हो गई। निलेश डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा का रहने वाला था। वह आठ-नौ दोस्तों के साथ सुबह करीब 8.30 बजे रिमिक्स फॉल पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10.30 बजे निलेश नहाने के लिए पानी में उतरा। फॉल पर तैनात कार्यकर्ताओं ने उसे गहरे पानी की ओर जाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए लाइफ जैकेट पहनकर ग्रामीण पानी में उतरे और छात्र की तलाश शुरू की। इसी बीच घटना की सूचना मारंगहादा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी युगेश कुमार सिंह तीन अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ रिमिक्स फॉल पहुंचे।
पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग एक बजे निलेश को गहरे पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस उसे तत्काल मारंगहादा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। वहां चिकित्सक डॉ. कुमार आलोक बिहारी ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, निलेश के दोस्तों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद रिमिक्स फॉल में पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फॉल में गहरे पानी वाले स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और सख्ती जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


