Giridih News: बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। करीब चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने गृहस्वामी त्रिभुवन भुइया समेत परिवार के सदस्यों को हथियार का भय दिखाकर बंधक बना लिया। इसके बाद घर में रखे करीब 1.20 लाख रुपए नकद और लगभग दो लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
बताया गया कि देर रात चार अज्ञात अपराधी मास्क पहनकर त्रिभुवन भुइया के घर पहुंचे। घर में प्रवेश करने के बाद अपराधियों ने बारी-बारी से परिवार के सदस्यों को नींद से जगाया। इसके बाद हथियार दिखाकर सभी के हाथ गमछे से बांध दिए और उन्हें बंधक बना लिया। परिवार के सभी सदस्यों को अपने कब्जे में लेने के बाद अपराधियों ने पूरे घर की तलाशी शुरू कर दी।
अपराधियों ने घर में रखी कमेटी की करीब 1.20 लाख रुपए की नकदी और लगभग दो लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण अपने कब्जे में ले लिए। सामान समेटने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। अपराधियों के जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह अपने हाथ खोले और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
डकैती की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद बगोदर-सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार राम, सरिया इंस्पेक्टर और बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली।
पुलिस ने अपराधियों के घर में प्रवेश करने, वारदात को अंजाम देने और फरार होने के रास्ते की भी जानकारी जुटाई। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी तथा अन्य स्तरों पर जांच शुरू कर दी गई है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी घाघरा गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। मौके पर उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि लक्ष्मण महतो समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।
हथियार के बल पर परिवार को बंधक बनाकर की गई डकैती से ग्रामीणों में भय के साथ आक्रोश भी है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी करने और क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अपराधियों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर काम किया जा रहा है।


