Kishanganj News: बिहार के किशनगंज जिले में संतरी ड्यूटी के दौरान सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद एसएसबी और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे कथित प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसबी डीआईजी एकेसी सिंह, ठाकुरगंज एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह और सीआई पंकज कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने वहां से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और ड्यूटी पर मौजूद जवानों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, जवान रात में संतरी ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान सरकारी इंसास राइफल से गोली लगने के बाद उसकी मौत हो गई। घटनास्थल के समीप से राइफल का एक खोखा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेज दिया।
पूर्व मेदिनीपुर का रहने वाला था जवान
ठाकुरगंज थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान चयन मंडल, पिता प्रफुल्ल मंडल, निवासी जगाई बासन, थाना दीघा मोहन कोस्टल, जिला पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से दे दी गई है।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जवान की ड्यूटी से जुड़े हालात, उसके व्यक्तिगत जीवन और घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रेम प्रसंग समेत अन्य कारणों की पड़ताल
प्रारंभिक स्तर पर कथित प्रेम प्रसंग को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस इसे अभी केवल जांच का एक पहलू मान रही है। अधिकारियों के अनुसार, अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले जवान की किसी से बातचीत या किसी तरह का विवाद तो नहीं हुआ था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर घटना की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।


