Patna News:- बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। शनिवार को मुजफ्फरपुर जिले के कांटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक सभा में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने नीतीश कुमार को “डुप्लीकेट मुख्यमंत्री” करार देते हुए कहा कि अब बिहार की जनता को असली और ईमानदार मुख्यमंत्री चाहिए।
तेजस्वी यादव ने सभा में कहा, “नीतीश कुमार जैसा डुप्लीकेट मुख्यमंत्री अब जनता को स्वीकार नहीं है। जनता को ऐसा नेता चाहिए जो वास्तव में बिहार का विकास कर सके।” उन्होंने महागठबंधन सरकार में किए गए विकास कार्यों की झड़ी गिनाई और दावा किया कि आज नीतीश सरकार 125 यूनिट फ्री बिजली देने की बात कर रही है, जबकि यह योजना पहले से महागठबंधन का संकल्प था। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जनता के बीच 200 यूनिट फ्री बिजली का अभियान पहले ही चला चुकी थी।
सभा में तेजस्वी ने अपने चुनावी वादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनते ही प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को “माई-बहन मां योजना” के तहत हर महीने 2500 रुपये उनके खाते में दिए जाएंगे। उनका दावा है कि इस योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और राज्य के विकास में भी योगदान मिलेगा।
नीतीश सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने कहा, “महिला रोजगार योजना के तहत अभी 10 हजार रुपये देने की बात कही जा रही है, लेकिन यह केवल चुनावी घोषणा है। बाद में इसकी समीक्षा कर पैसा देना बंद कर दिया जाएगा।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस तरह की योजनाओं के भ्रम में न पड़ें।
सभा के अंत में तेजस्वी यादव ने लोगों से महागठबंधन के सभी उम्मीदवारों को जिताने की अपील की और कहा कि बिहार को बदलाव की जरूरत है। उन्होंने जनता से वादा किया कि उनकी सरकार बनने पर राज्य में रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम होंगे।


