Patna News:- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार से अपनी महत्वाकांक्षी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ की शुरुआत कर दी है। यह यात्रा 16 से 20 सितंबर तक चलेगी और प्रदेश के कुल 10 जिलों से होकर गुजरेगी। तेजस्वी यादव ने कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नए संकल्प के साथ नया बिहार बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने बताया कि यात्रा का मकसद बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी को खत्म करना है। साथ ही किसानों और मजदूरों को सम्मान दिलाना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और राज्य में उद्योग-कारखाने स्थापित करना इस यात्रा का प्रमुख लक्ष्य है।
मंगलवार को इस यात्रा की शुरुआत जहानाबाद जिले से हुई, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित कर जनता से सीधे संवाद किया। इसके बाद उन्होंने नालंदा जिले में भी कार्यक्रम किया। यात्रा के दौरान वे उन जिलों में जाएंगे, जो अब तक उनकी अन्य यात्राओं में शामिल नहीं हो पाए थे।
गौरतलब है कि इससे पहले महागठबंधन के घटक दलों—राजद, कांग्रेस और अन्य सहयोगी पार्टियों—की ओर से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाली गई थी। उसी कड़ी में अब तेजस्वी यादव ने ‘बिहार अधिकार यात्रा’ की शुरुआत की है, जिसमें वे जनता से सीधा जुड़ाव बनाने की कोशिश करेंगे।
इस यात्रा के तहत तेजस्वी यादव कुल 10 जिलों—पटना, जहानाबाद, नालंदा, बेगूसराय, मधेपुरा, खगड़िया, सुपौल, सहरसा, वैशाली और समस्तीपुर—का दौरा करेंगे। इन सभी जिलों में वे सभाएं करेंगे और स्थानीय समस्याओं को उठाकर जनता को समाधान का भरोसा देंगे।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है और यह यात्रा उनके हक और अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे बड़ी संख्या में इस यात्रा से जुड़ें और बिहार को नई दिशा देने में भागीदार बनें।


