Darbhanga News:- दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के विवाद ने एक शिक्षक की जान ले ली। मधपुर टोला सोनपुर प्राइमरी स्कूल के उप प्रभारी हेडमास्टर एवं बीएलओ राजेश कुमार ठाकुर की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की दोपहर राजेश कुमार ठाकुर बीएलओ का काम निपटाने घर से निकले थे। इसी दौरान सुनसान जगह पर घात लगाए बदमाशों ने उनके सीने और पेट में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजेश ठाकुर हिम्मत दिखाते हुए करीब दो किलोमीटर बाइक चलाकर अपने स्कूल के गेट तक पहुंचे और साथियों को बताया कि उन्हें गोली मारी गई है।
सहकर्मी शिक्षकों ने तुरंत उन्हें पंडौल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें दरभंगा जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई मुकेश कुमार ठाकुर ने पुलिस को दिए बयान में बड़ा खुलासा किया। उन्होंने आशंका जताई कि राजेश का प्रेम प्रसंग उसी स्कूल की एक विवाहित शिक्षिका से था। आरोप है कि शिक्षिका के पति ने पहले ही धमकी दी थी और संभव है कि हत्या उसी ने करवाई हो।
इस मामले में सकतपुर थाना अध्यक्ष अरविंदर कुमार ने बताया कि हत्या प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बेता थाना की देखरेख में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना ने न केवल मृतक के परिवार बल्कि पूरे शिक्षक समाज को गहरे सदमे में डाल दिया है।


