Bhagalpur News : बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में सोमवार सुबह कर्मा-धर्मा पूजा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। तरैटा नारायणपुर वहियार इलाके में बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कर्मा-धर्मा पर्व को लेकर सोमवार सुबह विष्णु टोला और आसपास के कुछ बच्चे पारंपरिक स्नान के लिए तरैटा नारायणपुर वहियार पहुंचे थे। गंगा नदी के बढ़े जलस्तर के कारण इलाके के खेतों और निचले हिस्सों में बाढ़ का पानी जमा है। इसी दौरान स्नान करते हुए कुछ बच्चे गहरे पानी में चले गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वे डूबने लगे।
बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने तत्काल पानी में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्चों की उम्र करीब 12 से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मृतकों में पूजा, ज्योति, मिंकी, राहुल, आयुष और विकास शामिल हैं। इनमें पांच बच्चे सुल्तानगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या 27 स्थित विष्णु टोला के रहने वाले बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। आगे की वैधानिक प्रक्रिया के तहत शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
कर्मा-धर्मा पूजा के मौके पर हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिन घरों में पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी गहरा आक्रोश और शोक है। स्थानीय लोग बाढ़ प्रभावित इलाकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से विशेष सतर्कता बरतने की मांग कर रहे हैं।


